Posted on:
नई दिल्ली, 31 अगस्त । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास थाना इलाके में एक घर में चोरी करने वाला शख्स घर का ही निकला। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। उसने भाई की शादी के लिए जुटाए गए जेवरात और 15 हजार रुपये चोरी किए।
पुलिस के अनुसार खजूरी खास निवासी हाफिज नजमुल हसन ने 29 अगस्त को थाने में चोरी की शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बड़े बेटे मोहम्मद सलमान की शादी 13 सितंबर को तय है, जिसके लिए उन्होंने सोने-चांदी के जेवरात खरीदकर घर में रखे थे। 28 अगस्त को जब उन्होंने देखा कि बचत के 15 हजार रुपये गायब हैं, तो उन्होंने तुरंत गहनों की जांच की। लॉकर से सोने और चांदी के सारे आभूषण भी गायब मिले।
घर में पूछताछ के दौरान परिवार का शक छोटे बेटे (21 वर्षीय आरोपी खुबैब उर्फ कैफ) पर गया। पुलिस को भी जांच के दौरान उसके खिलाफ ठोस सुराग मिले। इसके बाद खजूरी खास थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद आरोपित को 29 अगस्त को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपित टूट गया और उसने घर से नकदी तथा जेवरात चुराने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपित ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने चोरी के बाद कुछ जेवरात बेच दिए थे और कुछ अपने दोस्त की मां शाइस्ता के पास रखवा दिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 30 अगस्त को शाइस्ता के पास से एक सोने की अंगूठी और सोने की बालियां बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शेष आभूषण और नकदी किसे बेची गई थी। अन्य संपत्ति की बरामदगी के लिए जांच जारी है।