सरकार ने कहा है कि देश में चीनी की कोई कमी नहीं है और उचित कीमतों पर पर्याप्त मात्रा में चीनी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने कहा कि हाल के दिनों में मिल से प्राप्त चीनी की कीमतों में लगभग 20 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि खुदरा चीनी की कीमतें भी कम होने लगी हैं।
मंत्रालय ने कहा है कि उसने घरेलू बाजार में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपूर्ति में कृत्रिम कमी को रोकने के लिए कई सक्रिय कदम उठाए हैं।
सरकार देश भर में चीनी की कीमतों, भंडार और आवागमन पर कड़ी नजर रख रही है। उसने चीनी की बाजार में समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अगले महीने से मौजूदा मासिक कोटा प्रणाली के स्थान पर पाक्षिक चीनी आवंटन प्रणाली शुरू करने का निर्णय लिया है।