Posted on:
नई दिल्ली, 21 अगस्त । ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मामूली बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।
अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड के 4.7 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच जाने का असर वॉल स्ट्रीट के कारोबार पर साफ-साफ नजर आया। डाउ जॉन्स 700 अंक से अधिक फिसल गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 66.82 अंक यानी 0.87 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,641.16 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 263.92 अंक यानी एक प्रतिशत की कमजोरी के साथ 26,067.17 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.08 प्रतिशत की मजबूती के साथ 52,799.45 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.04 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 10,748.16 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसके विपरीत सीएसी इंडेक्स ने 0.58 प्रतिशत टूट कर 8,453.09 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 108.29 अंक यानी 0.42 प्रतिशत लुढ़क कर 25,983.04 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में और तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। गिफ्ट निफ्टी 0.14 प्रतिशत फिसल कर 24,263 अंक के स्तर पर आ गया है। इसी तरह निक्केई इंडेक्स 237.79 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 65,979 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स एक अंक की सांकेतिक कमजोरी के साथ 3,902.72 अंक के स्तर पर बना हुआ है।
दूसरी ओर, हैंग सेंग इंडेक्स 207.51 अंक यानी 0.81 प्रतिशत की तेजी के साथ 25,906 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 51.37 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 6,903.95 अंक के स्तर पर आ गया है। सेट कंपोजिट इंडेक्स फिलहाल 0.70 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,621.29 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.52 प्रतिशत उछल कर 6,535.30 अंक के स्तर पर, ताइवान वेटेड इंडेक्स 148.33 अंक यानी 0.33 प्रतिशत की छलांग लगा कर 45,082.07 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.13 प्रतिशत की उछाल के साथ 5,679.48 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।