Posted on:
वेलिंगटन, 17 अगस्त । न्यूजीलैंड के 2026-27 घरेलू क्रिकेट सत्र की शुरुआत 28 अक्टूबर से फोर्ड ट्रॉफी के मुकाबले के साथ होगी। गत चैंपियन सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट्स अपने अभियान की शुरुआत नेल्सन के सेक्स्टन ओवल में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स के खिलाफ करेगा।
फोर्ड ट्रॉफी के पहले दौर में ऑकलैंड का सामना कैंटरबरी से, जबकि वेलिंगटन की भिड़ंत ओटागो से होगी।
दस दौर की पुरुष एकदिवसीय प्रतियोगिता पिछले कुछ सत्रों की तरह ही आयोजित की जाएगी। इसके शुरुआती पांच दौर अक्टूबर और नवंबर में खेले जाएंगे। इसके बाद प्लंकेट शील्ड और सुपर स्मैश के लिए प्रतियोगिता में विराम होगा। फोर्ड ट्रॉफी फरवरी में फिर शुरू होगी और इसके बाद फाइनल्स वीकेंड का आयोजन किया जाएगा।
महिला घरेलू सत्र की शुरुआत 14 नवंबर से होगी। गत चैंपियन नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स पामर्स्टन नॉर्थ के फिट्जहर्बर्ट पार्क में सेंट्रल हिंड्स के खिलाफ हेलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड में अपने खिताब का बचाव शुरू करेगा।
14 मैदानों पर होंगे मुकाबले
पुरुष और महिला दोनों प्रतियोगिताओं के दौरान कुल 14 मैदानों पर मुकाबले खेले जाएंगे। ऑकलैंड का कॉलिन मेडन पार्क भी 2023 के बाद घरेलू कार्यक्रम में वापसी करेगा। मैदान के पुनर्विकास के बाद यहां फिर से मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट की मुख्य क्रिकेट संचालन अधिकारी कैथरीन कैंपबेल ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “आप एओटेरोआ (न्यूजीलैंड का माओरी नाम) में कहीं भी रहते हों, इस बात की अच्छी संभावना है कि इस गर्मी फोर्ड ट्रॉफी या हेलीबर्टन जॉनस्टोन शील्ड का कोई मुकाबला आपके नजदीकी मैदान पर खेला जाएगा। इस साल का कार्यक्रम प्रशंसकों को शानदार क्षेत्रीय मैदानों पर हमारे सर्वश्रेष्ठ घरेलू प्रतिभाओं को करीब से देखने का मौका देता है।”
उन्होंने कहा, “संयुक्त फाइनल्स वीकेंड की अवधारणा लगातार सफल रही है और इस गर्मी इसे सेलो बेसिन रिजर्व में वापस लाना रोमांचक है। यह कार्यक्रम हमारे अंतरराष्ट्रीय सत्र के साथ भी अच्छी तरह तालमेल बैठाता है, जिससे गर्मियों के क्रिकेट के महत्वपूर्ण महीनों में लगातार उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने को मिलेगा।”
प्लंकेट शील्ड का कार्यक्रम 2 सितंबर को जारी किया जाएगा, जबकि सुपर स्मैश का कार्यक्रम सितंबर के अंत में घोषित किया जाएगा।