क्या आप जानते हैं कि बारिश के मौसम में पेट से जुड़ी समस्याएं सबसे ज्यादा परेशान करती हैं. क्योंकि इस दौरान नमी बढ़ने के कारण हमारे पेट और पाचन तंत्र की सेहत बिगड़ने का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है.
जिसके चलते बदहजमी, गैस, पेट दर्द और इंफेक्शन आम हैं. अगर आप भी मानसून में पेट हेल्दी और खुद को फिट रखना चाहते हैं, तो डॉ. अमित मिगलानी (Dr. Amit Miglani) से जानें क्या खाएं और क्या नहीं.
डॉ. अमित मिगलानी के मुताबिक, बारिश के दिनों में हवा में नमी (humidity) बहुत ज्यादा होती है. इसकी वजह से हमारे शरीर का मेटाबॉलिज्म यानी खाना पचाने की शक्ति धीमी पड़ जाती है.
इसके अलावा, नमी और दूषित पानी की वजह से बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपते हैं, जो आसानी से हमारे खाने-पीने की चीजों के जरिए पेट में पहुंचकर इंफेक्शन फैला देते हैं. यही वजह है कि जरा सी लापरवाही पेट को बीमार कर सकती है. हमेशा घर का बना गरमा-गरम और ताजा खाना ही खाएं. इस मौसम में रखा हुआ या बासी खाना खाने से बचना चाहिए.
अपने खाने में दलिया, खिचड़ी, मूंग की दाल और उबली हुई सब्जियां शामिल करें. ये पेट पर ज्यादा जोर नहीं डालते और आसानी से पच जाते हैं. पानी हमेशा उबालकर या अच्छी तरह से छानकर ही पिएं. शरीर में पानी की कमी न होने दें, इसके लिए नींबू पानी, नारियल पानी या छाछ का सेवन करें, लेकिन ध्यान रहे कि ये चीजें साफ-सुथरी जगह की हों.
खाने में हल्दी, अदरक, लहसुन और जीरे का इस्तेमाल बढ़ा दें. ये चीजें पाचन को मजबूत करती हैं और इंफेक्शन से लड़ने में मदद कर सकती हैं. कुछ भी खाने से पहले या खाना बनाने से पहले अपने हाथों को साबुन से अच्छी तरह जरूर धोएं. इस मौसम में पाचन शक्ति धीमी होती है, इसलिए जबरदस्ती या पेट भरा होने पर दोबारा न खाएं.
अगर आपको लगातार दस्त, उल्टी, पेट में तेज ऐंठन या कमजोरी महसूस हो, तो इसे आम फूड पॉइजनिंग समझकर टालें नहीं. तुरंत किसी अच्छे डॉक्टर की सलाह लें.