Posted on:
नई दिल्ली, 11 अगस्त। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने मंगलवार को उत्तर पश्चिम दिल्ली के प्रशांत विहार बी-ब्लॉक में स्थित निगम प्रतिभा विद्यालय में बाल वाटिका का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम क्षेत्र की उपनिदेशक (शिक्षा) राजकुमारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों को उत्कृष्ट संसाधन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि निगम विद्यालय में छात्रों को सीखने के अच्छे अवसर प्रदान करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक संसाधनों से सुसज्जित बाल वाटिका निगम विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए सीखने के अच्छे अवसर प्रदान करेगी।
साथ ही महापौर प्रवेश वाही ने आज रोहिणी सेक्टर-9 में एरोबिन का भी लोकार्पण किया। यह एरोबिन संपूर्णा एनजीओ की सहायता से स्थापित किए गए हैं। इस अवसर पर संपूर्णा की अध्यक्षा शोभा विजेंद्र भी उपस्थित रही।
महापौर ने बताया कि एरोबिन की सहायता से एक बार में एक बिन में 10 किलो गीले कूड़े को बायो कल्चर की सहायता से कंपोस्ट खाद में बदल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से स्रोत पर ही कचरे का पृथक्करण (सेग्रीगेशन) एवं निस्तारण करने में सहायता मिलेगी।
महापौर ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने में दिल्ली नगर निगम का सहयोग करें तथा राजधानी को स्वच्छ एवं हरित बनाने के इस अभियान में सक्रिय भागीदार बनें।