'रामायण' से तुलना पर बोले मनोज मुंताशिर- दोनों फिल्मों की तुलना करना उचित नहीं

Posted on: 2026-08-05


रणबीर कपूर अभिनीत बहुप्रतीक्षित पौराणिक फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तुलना प्रभास स्टारर 'आदिपुरुष' से की जाने लगी। अब 'आदिपुरुष' के गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने इस तुलना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि दोनों फिल्मों की तुलना करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि हर फिल्म अपनी अलग सोच और प्रस्तुति के साथ बनाई जाती है और 'रामायण' के लिए उनकी ओर से शुभकामनाएं हैं। साथ ही उन्होंने फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे अभिनेता यश के अभिनय की भी सराहना की।

मनोज मुंतशिर ने कहा, "यश बेहद शानदार अभिनेता हैं, इसमें कोई संदेह नहीं है। हमारी पौराणिक कहानियों को वैश्विक मंच पर ले जाने वाली हर फिल्म के लिए मेरी शुभकामनाएं हैं। 'रामायण' की तुलना 'आदिपुरुष' से नहीं की जानी चाहिए। यह स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं है कि 'आदिपुरुष' दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। फिल्म से जुड़े सभी लोगों ने पूरी मेहनत की थी, लेकिन वह एक असफल प्रयास साबित हुई।" उनके इस बयान को सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा मिल रही है।

मनोज ने 'आदिपुरुष' के संगीत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि फिल्म का संगीत लोगों तक पहुंचा और काफी लोकप्रिय हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि 'रामायण' का संगीत भी उसी स्तर का होगा, बल्कि उससे भी आगे जाएगा। गौरतलब है कि फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के दिग्गज संगीतकार हंस जिमर ने तैयार किया है। नितेश तिवारी निर्देशित इस फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल, रवि दुबे और लारा दत्ता अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।