सीएम साय की घोषणा : संत रविदास जयंती पर सार्वजनिक अवकाश

Posted on: 2026-08-04


रायपुर राज्य सरकार ने संत गुरु रविदास के सम्मान में बड़ा फैसला लेते हुए उनकी जयंती पर पूरे प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही संत गुरु रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार शुरू किया जाएगा, जिसे हर वर्ष राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदान किया जाएगा।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को राजधानी में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान के दौरान यह महत्वपूर्ण घोषणा की। कार्यक्रम में वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी वाले कलश का विधिवत पूजन एवं वितरण किया गया। इस अवसर पर विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत गुरु रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रतीक है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार संत रविदास के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि संत गुरु रविदास के नाम पर शुरू होने वाला राज्य अलंकरण पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाएगा, जिन्होंने सामाजिक समरसता, समानता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में संत रविदास का प्रेरक संदेश अंकित कराया जाएगा, ताकि जनप्रतिनिधि और आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों से प्रेरणा ले सकें। वहीं नवा रायपुर के एक प्रमुख चौक का नाम भी संत गुरु रविदास के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास ने जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को एकता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। राज्य सरकार उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

सरकार की इन घोषणाओं का कार्यक्रम में मौजूद साधु-संतों और विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने स्वागत करते हुए इसे संत गुरु रविदास के विचारों और योगदान को सम्मान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया।