CWG 2026 में भारत के 39 मेडल जीतने पर खेल मंत्री ने जताई खुशी, कहा- ‘खेलों में बढ़ रही गहराई’

Posted on: 2026-08-03


केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के चौथे स्थान और 39 मेडल हासिल करने की सराहना की है। यह गेम्स का सीमित संस्करण था, जिसमें 10 खेल ही शामिल थे। बर्मिंघम 2022 की तुलना में इसमें नौ खेल कम थे, जहां भारत ने 30 मेडल जीते थे। ग्लासगो 2026 में भारत का अभियान 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 मेडल के साथ समाप्त हुआ।

इस उपलब्धि को लेकर केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार ढंग से चौथा स्थान हासिल किया। भले ही ग्लासगो 2026 एक सीमित संस्करण था और इसमें कई ऐसे खेल शामिल नहीं थे जिनमें भारत पारंपरिक रूप से अच्छा प्रदर्शन करता है, फिर भी टीम इंडिया ने बर्मिंघम 2022 के समान खेलों में जीते गए 30 मेडल के मुकाबले इस साल 39 मेडल जीतकर सुधार किया है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय खेलों की बढ़ती गहराई और मजबूती साफ तौर पर दिखाई दे रही है। तिरंगे के लिए अपना सब कुछ झोंक देने वाले हर एथलीट, कोच और सपोर्ट स्टाफ पर गर्व है।”

रविवार को ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आधिकारिक समापन हुआ। इस मौके पर भारत ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले गेम्स की मेजबानी की जिम्मेदारी संभाली। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने आगे कहा, “जैसे-जैसे भारत 2030 में शताब्दी संस्करण कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की तैयारी कर रहा है, हम गेम्स के इतिहास के सबसे शानदार संस्करणों में से एक आयोजित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

समापन समारोह में कॉमनवेल्थ खेलों के 11 यादगार दिनों का समापन हुआ और कॉमनवेल्थ मूवमेंट के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। इसी के साथ अब कॉमनवेल्थ का झंडा भारत के हाथों में आ गया है, इसलिए अहमदाबाद 2030 के लिए उल्टी गिनती आधिकारिक तौर पर शुरू हो गई है।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा प्रतीकात्मक रूप से सौंपे जाने के साथ ही 2030 में अहमदाबाद में ऐतिहासिक शताब्दी संस्करण की मेजबानी की दिशा में भारत की यात्रा शुरू हुई। इसके बाद प्रसिद्ध गायक-संगीतकार शंकर महादेवन और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ अहमदाबाद 2030 की यात्रा का आगाज हुआ।

गौरतलब हो, 2030 का संस्करण ऐतिहासिक महत्व रखेगा क्योंकि यह कॉमनवेल्थ गेम्स की 100वीं वर्षगांठ होगी। भारत ऑस्ट्रेलिया के बाद इस आयोजन की दो बार मेजबानी करने वाला दूसरा देश बन जाएगा। (इनपुट-एजेंसी)