दंतेश्वरी मंदिर के सामने गणेश प्रतिमा विक्रय के लिए स्थान देने की मांग, कलेक्टर ने दिया आश्वासन

Posted on: 2026-07-29


जगदलपुर, 29 जुलाई । आगामी गणेश उत्सव को देखते हुए बस्तर जिले के मूर्तिकारों और कलाकारों ने बुधवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। मांग की कि दंतेश्वरी मंदिर के सामने गणेश प्रतिमाओं के विक्रय के लिए तीन दिनों तक स्थान उपलब्ध कराया जाए। मूर्तिकारों ने कहा कि वर्षों से श्रद्धालुओं की सुविधा और स्थानीय परंपरा को देखते हुए इसी स्थान पर प्रतिमाओं का विक्रय होता रहा है।इस साल भी उसी स्थान पर अनुमति दी जाए। कलेक्टर ने मांग को गंभीरता से सुना और कहा कि गणेश प्रतिमा विक्रय के लिए दंतेश्वरी मंदिर के सामने पूर्व निर्धारित स्थान या मंदिर के सामने स्थित मैदान में उचित व्यवस्था के साथ जगह दी जाएगी। आश्वासन के बाद कलाकारों और मूर्तिकारों में खुशी रही। इस दौरान प्रहलाद राजपूत, नंदलाल देवांगन, जागेश्वर कुम्भकार, पवन कुम्भकार, तरुण कुम्भकार, रामेश्वर कुम्भकार, रोमित कुम्भकार, विश्वनाथ कुम्भकार, गोपाल कुम्भकार, तृष्णा, संतोष, जय किशन, विजेंद्र, रामचंद्र, निकिल, यकबाल, मोहित, जीराखन, चंद्रेश, जितेंद्र, तुषार सहित बड़ी संख्या में कलाकार और मूर्तिकार मौजूद रहे।