मेकर्स ने बदली 'ओह माय डॉग' की रिलीज तारीख

Posted on: 2026-07-27


अभिनेता पंकज त्रिपाठी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'ओह माय डॉग' का इंतजार कर रहे दर्शकों को थोड़ा और इंतजार करना होगा। निर्देशक अमित राय की यह फिल्म पहले 31 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज एक सप्ताह के लिए टाल दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म अब 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी, जिससे फिल्म को लेकर उत्साह भी बढ़ा था।

रिपोर्ट के अनुसार रिलीज टालने की मुख्य वजह सिनेमाघरों की उपलब्धता है। इसी अवधि में मार्वल स्टूडियोज की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे' बड़े पैमाने पर रिलीज होने जा रही है, जिसे मल्टीप्लेक्स चेन में अधिक स्क्रीन मिलने की संभावना है। इसके अलावा 'धमाल 4', 'द ओडिसी' और 'द इंडिया स्टोरी' जैसी फिल्मों के सिनेमाघरों में पहले से मौजूद होने के कारण स्क्रीन की कमी की स्थिति बन गई है। ऐसे में निर्माताओं ने बेहतर प्रदर्शन और पर्याप्त स्क्रीन सुनिश्चित करने के लिए फिल्म की रिलीज आगे बढ़ाने का फैसला लिया।

निर्देशक अमित राय ने कहा कि फिल्म की रिलीज टालने का फैसला पूरी तरह व्यावहारिक कारणों से लिया गया है और इसका फिल्म की गुणवत्ता या कंटेंट से कोई संबंध नहीं है। उनका मानना है कि दर्शकों तक फिल्म को बेहतर तरीके से पहुंचाने के लिए सही समय पर रिलीज करना जरूरी है। हाल ही में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने 'ओह माय डॉग' को यू/ए प्रमाणपत्र भी प्रदान किया है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी के साथ 250 से अधिक कुत्तों की मौजूदगी इसकी खासियत मानी जा रही है और दर्शकों को इससे एक भावनात्मक तथा मनोरंजक कहानी की उम्मीद है।