नेपाल : बारिश में स्कूल जाती तीन बच्चियों का वीडियो हुआ वायरल, अब स्नातक तक मिलेगी मुफ्त शिक्षा

Posted on: 2026-07-25



काठमांडू, 25 जुलाई । नेपाल के रोल्पा जिले में बारिश के बीच रेनकोट पहनकर पहाड़ी रास्ते से स्कूल जाती तीन छोटी बच्चियों का 17 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त वायरल हो गया है। वीडियो को करोड़ों लोग देख चुके हैं और इसकी लोकप्रियता के बाद इन तीनों बच्चियों की शिक्षा को लेकर बड़ी पहल की गई है। अब उन्हें स्नातक (ग्रेजुएशन) तक नि:शुल्क पढ़ाई की सुविधा मिलेगी।

वीडियो में गुलाबी, हरे और पीले रंग के रेनकोट पहने तीन बच्चियां चुपचाप पहाड़ी चढ़ाई पर स्कूल जाती दिखाई देती हैं। पीछे से कोई उन्हें आवाज लगाता है, लेकिन वे बिना रुके अपनी ही धुन में आगे बढ़ती रहती हैं। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार भी रास्ते से गुजरता है और वीडियो वहीं समाप्त हो जाता है।

यह वीडियो दो दिन पहले फेसबुक पर पोस्ट किया गया था। शनिवार सुबह तक इसे 2.2 करोड़ (22 मिलियन) से अधिक बार देखा जा चुका है। वीडियो पर 7.5 लाख से ज्यादा रिएक्शन, 9,100 से अधिक टिप्पणियां और 4,600 से ज्यादा शेयर हो चुके हैं।

यह वीडियो नेपाल के रोल्पा जिले की रन्टीगढ़ी गांव के सुर्पाल क्षेत्र का है। इसे स्थानीय निवासी लोकेन्द्र पुन (फेसबुक पर लोकेन पुन) ने रिकॉर्ड किया था।

लोकेन्द्र पुन ने बताया कि वह अपनी बहन को बस से घोराही भेजने के लिए प्रतीक्षालय में इंतजार कर रहे थे। तभी बारिश में प्लास्टिक और रेनकोट ओढ़कर स्कूल जाती तीन बच्चियों को देखकर उन्होंने वीडियो बना लिया।

उन्होंने कहा, "बारिश में इन मासूम बच्चियों को स्कूल जाते देख मैंने वीडियो फेसबुक पर डाल दिया। मुझे अंदाजा नहीं था कि इसे इतना प्यार मिलेगा।"

वायरल वीडियो की तीनों बच्चियां रोल्पा जिले के सुर्पाल की रहने वाली हैं और एडभान्स चाइल्ड केयर इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल में पढ़ती हैं। इनमें दो बच्चियां एक ही परिवार की हैं, जबकि तीसरी उनकी पड़ोसी है। तीनों रोज साथ-साथ स्कूल जाती हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने बच्चियों का चेहरा देखने की इच्छा जताई, जिसके बाद लोकेन्द्र पुन ने उनका एक नया वीडियो भी साझा किया। उन्होंने बताया कि इस बार भी बच्चियां कैमरे से बातचीत किए बिना सीधे स्कूल चली गईं।

सोशल मीडिया पर मिले अपार समर्थन के बाद स्थानीय स्कूल और रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत ने तीनों बच्चियों की पढ़ाई की पूरी जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया है।

तीनों बच्चियों—मनजीता पुन, सियाँ घर्ती और मनजीता घर्ती—को अभी जिस स्कूल में वे पढ़ रही हैं, वहां कक्षा 6 तक निशुल्क शिक्षा दी जाएगी। इसके बाद कक्षा 7 से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई का पूरा खर्च रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत उठाएगी।

यह निर्णय समाजसेवी एवं पत्रकार भुवन थापा की पहल पर लिया गया। शुक्रवार को ग्राम पंचायत के अध्यक्ष जनक पुन, स्कूल के प्रिंसिपल तेजबहादुर पुन, वीडियो बनाने वाले लोकेन्द्र पुन और अन्य लोग बच्चियों के घर पहुंचे और उनके अभिभावकों से इस संबंध में सहमति बनाई।

तीनों बच्चियों के पिता रोजगार के सिलसिले में विदेश में हैं। दो बच्चियां एक ही परिवार से हैं, जबकि तीसरी उनकी पड़ोसी है। बच्चियों की माताओं ने भी इस पहल पर सहमति जताई।

स्कूल के प्रिंसिपल तेजबहादुर पुन ने कहा कि उनका संस्थान कक्षा 6 तक बच्चियों की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाएगा। वहीं, ग्राम पंचायत अध्यक्ष जनक पुन ने स्नातक तक की शिक्षा की जिम्मेदारी लेने का सार्वजनिक वादा किया है।

लोकेन्द्र पुन ने कहा कि उन्हें खुशी है कि उनका वीडियो लाखों लोगों तक पहुंचा, लेकिन दुख इस बात का है कि कई लोगों ने वीडियो डाउनलोड कर अपने नाम से सोशल मीडिया पर साझा किया और उन्हें श्रेय (क्रेडिट) तक नहीं दिया। उनका कहना है कि यदि उनका फेसबुक पेज मोनेटाइज्ड होता, तो मिलने वाली आय से वे इन बच्चियों की मदद करना चाहते।