नई दिल्ली, 23 जुलाई । पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे आंग्मो ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में शामिल छात्रों पर लगाए जा रहे आरोपों पर चिंता जाहिर की है।
गीतांजलि आंग्मो ने गुरुवार को एक्स पर लिखा, "एक शिक्षक के तौर पर, मीडिया में अपने छात्रों की छवि खराब होते देखना मेरे लिए बहुत दुखद है। ये छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों को दोषी ठहराने के बजाए उनकी चिंताओं को सुनना चाहिए था। हमारे बच्चे सुरक्षा के हकदार हैं, न कि उन्हें विलेन के तौर पर दिखाए जाने के। उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए।"
उन्होंने सभी से आग्रह किया कि अगर दिल्ली में कहीं और हिंसा की खबरें आती हैं, तो कृपया बिना सबूत के उन्हें इस आंदोलन से न जोड़ें जो लोग इन युवाओं को सच में जानते हैं, उन्होंने इनका असाधारण धैर्य, अनुशासन और संयम देखा है।
उल्लेखनीय है कि छात्र आंदोलन का नेतृत्व कर रही सीजेपी के 'संसद चलो' मार्च की घोषणा के बाद 20 जुलाई को हजारों की संख्या में एकजुट हुए छात्रों ने अपना विरोध प्रदर्शन जताय़ा था जिसमें वे शिक्षा प्रणाली में अनियमितताओं और पेपर लीक मामले को लेकर केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। उसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। इस घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं।