जूडो महाकुंभ स्टेट चैंपियनशिप में पदक जीत लौटे खिलाड़ियों का अभिनंदन

Posted on: 2026-07-22


मुरादाबाद, 21 जुलाई । लखनऊ में 15 से 20 जुलाई तक आयोजित जूडो महाकुंभ स्टेट चैपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले आरएसडी स्पोर्ट्स एकेडमी मुरादाबाद के खिलाड़ियों का मंगलवार को स्वागत अभिनंदन हुआ।

आरएसडी स्पोर्ट्स एकेडमी मुरादाबाद के निदेशक डा. विनोद कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में एकेडमी की अन्वी सक्सेना ने 30 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक, अधीरा टंडन ने 48 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक तथा ख्याति सिंह ने 70 किग्रा से अधिक भार वर्ग में रजत पदक जीतकर अकादमी एवं जनपद का नाम रोशन किया। तीनों खिलाड़ी जूडो कोच मयंक कश्यप के मार्गदर्शन में नियमित रूप से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

इस शानदार प्रदर्शन पर निदेशक डा. विनोद कुमार, डा. जी. कुमार, डा. गौरव कुमार, डा. गरिमा शर्मा, डा. अजय शर्मा, बास्केटबाल कोच मोहित चौधरी तथा स्केटिंग कोच शहवाज़ अली ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों एवं जूडो कोच मयंक कश्यप को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।