यूपी टी20 लीग 2026 की शुरुआत 14 अगस्त से, लखनऊ में आगाज, कानपुर में फाइनल

Posted on: 2026-07-16


लखनऊ, 16 जुलाई । उत्तर प्रदेश की सबसे लोकप्रिय घरेलू टी20 प्रतियोगिता यूपी टी20 लीग 2026 का चौथा सीजन 14 अगस्त से शुरू होगा। उद्घाटन मुकाबले में काशी रुद्रास की टीम का सामना मौजूदा चैंपियन मेरठ मावेरिक्स से भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम, लखनऊ में होगा।

इस बार टूर्नामेंट 14 अगस्त से 6 सितंबर तक खेला जाएगा। कुल 34 मुकाबले होंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच शामिल हैं। पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन दो शहरों लखनऊ और कानपुर में किया जाएगा।

टूर्नामेंट के पहले चरण में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 13 मैच दिवसों में 22 मुकाबले खेले जाएंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जहां शेष 12 मुकाबले, प्लेऑफ और फाइनल आयोजित किए जाएंगे।

यूपी टी20 लीग की संचालन परिषद के अध्यक्ष डॉ. संजय कपूर ने गुरुवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि लीग हर सीजन के साथ नई ऊंचाइयों को छू रही है और इस बार दो शहरों में आयोजन होना टूर्नामेंट के लिए एक बड़ा कदम है।

उन्होंने कहा, "यूपी टी20 लीग लगातार आगे बढ़ रही है। इस बार पहली बार प्रतियोगिता दो अलग-अलग मैदानों पर खेली जाएगी। शुरुआत लखनऊ से होगी, जबकि दूसरा चरण, प्लेऑफ और फाइनल कानपुर में आयोजित होंगे।"

उन्होंने आगे कहा, "पिछले कुछ वर्षों में लीग का स्तर काफी बेहतर हुआ है। हमें विश्वास है कि इस बार भी युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार अवसर मिलेगा। सभी टीमों को शुभकामनाएं और उम्मीद है कि दर्शकों को एक और रोमांचक सीजन देखने को मिलेगा।"

कानपुर में होंगे प्लेऑफ मुकाबले

टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह और पहला मैच लखनऊ में होगा, जबकि समापन समारोह और फाइनल मुकाबला कानपुर में आयोजित किया जाएगा।

क्वालीफायर-1 और एलिमिनेटर मुकाबले 3 सितंबर, क्वालीफायर-2 4 सितंबर और फाइनल 6 सितंबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।

पहले सप्ताह में कई बड़े मुकाबले

15 अगस्त को नोएडा किंग्स का मुकाबला कानपुर सुपरस्टार्स से होगा, जबकि लखनऊ फाल्कंस की टीम गौर गोरखपुर लायंस से भिड़ेगी।

16 अगस्त को काशी रुद्रास और कानपुर सुपरस्टार्स आमने-सामने होंगे, जबकि शाम के मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स का सामना गौर गोरखपुर लायंस से होगा।

17 अगस्त को नोएडा किंग्स और लखनऊ फाल्कंस भिड़ेंगे। 18 अगस्त को काशी रुद्रास और गौर गोरखपुर लायंस के बीच मुकाबला होगा।

19 अगस्त को लखनऊ फाल्कंस और मेरठ मावेरिक्स आमने-सामने होंगे। 20 अगस्त को डबल हेडर में पहले गौर गोरखपुर लायंस बनाम नोएडा किंग्स, जबकि दूसरे मैच में कानपुर सुपरस्टार्स का मुकाबला काशी रुद्रास से होगा।

21 अगस्त को मेरठ मावेरिक्स और नोएडा किंग्स भिड़ेंगे, जबकि दूसरे मुकाबले में लखनऊ फाल्कंस का सामना कानपुर सुपरस्टार्स से होगा।

टूर्नामेंट का कानपुर चरण 28 अगस्त से शुरू होगा, जहां पहले मुकाबले में काशी रुद्रास और नोएडा किंग्स आमने-सामने होंगे।

दो प्रमुख क्रिकेट मैदानों पर होने वाला यह सीजन उत्तर प्रदेश के घरेलू क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी पहले से अधिक रोमांचक अनुभव लेकर आने वाला है।