नई दिल्ली 11 जुलाई: दिल्ली पुलिस ने 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को जानकारी दी कि आरोपी सजा से बचने के लिए कानूनी कार्यवाही से भाग रहा था। अधिकारियों ने बताया कि सेंट्रल दिल्ली में घोषित अपराधियों और शहर-बदर लोगों के खिलाफ एक विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान, आईपी एस्टेट पुलिस थाने की टीम ने मुकेश कुमार नाम के एक घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के बारे में शुक्रवार को एक सूचना मिली थी कि वह आईजीआई के डोमेस्टिक टर्मिनल में मौजूद है। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। 39 वर्षीय आरोपी मुकेश उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोए़डा का निवासी है। रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि आरोपी मुकेश को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट की न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) प्रीति की अदालत ने पिछले साल 25 जुलाई को घोषित अपराधी करार दिया था। वह लगातार पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए भाग रहा था।
एक अन्य मामले में रोहिणी के एंटी-रॉबरी स्नैचिंग सेल की टीम ने एक अवैध शराब तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अवैध शराब की 1,750 क्वार्टर बोतलें बरामद की गईं। उसकी पहचान 26 वर्षीय रामपाल के तौर पर हुई। वहीं, द्वारका की स्पेशल स्टाफ टीम ने भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक सप्लायर को गिरफ्तार किया। अवैध शराब की सप्लाई में शामिल आरोपी की पहचान बादशाह खान के रूप में हुई। उसके पास से भारी मात्रा में अवैध शराब और शराब की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाली एक स्कूटी बरामद की गई है। पुलिस ने जानकारी दी कि पुलिस को दो जुलाई को एक स्कूटी सवार की ओर से अवैध शराब की सप्लाई के बारे में सूचना मिली। इसके बाद, एक टीम बनाई गई और गुप्त मुखबिर की जानकारी पर द्वारका नॉर्थ इलाके में एक व्यक्ति को स्कूटी के साथ पकड़ा गया। वह एक घर से अवैध शराब सप्लाई करने जा रहा था।