Posted on:
नई दिल्ली, 08 जुलाई । पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमत में तेजी का रुख बनने की वजह से घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव में नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के कुछ देर बाद ही बिकवाली का दबाव बढ़ गया, जिसकी वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की कमजोरी बढ़ने लगी। सुबह 10 तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.61 प्रतिशत और निफ्टी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से विप्रो, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, सन फार्मास्युटिकल्स, सिप्ला और कोल इंडिया के शेयर 1.14 प्रतिशत से लेकर 0.58 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, जियो फाइनेंशियल, श्रीराम फाइनेंस, एशियन पेंट्स, इंटरग्लोब एवियेशन और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 2.97 प्रतिशत से लेकर 2.33 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,671 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 924 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,747 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से सात शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 23 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 34 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 364.27 की कमजोरी के साथ 77,816.45 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मामूली खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 77,850.46 अंक तक पहुंचा। इसके बाद बाजार में बिकवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स की कमजोरी बढ़ने लगी। हालांकि खरीदार बीच-बीच में लिवाली कर बाजार को सहारा देने की कोशिश करते रहे, लेकिन बिकवाली का दबाव इतना अधिक था कि इस सूचकांक की चाल पर कोई विशेष असर नहीं पड़ सका। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 479.15 अंक की गिरावट के साथ 77,701.57 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 139.15 अंक टूट कर 24,259.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के तुरंत बाद हुई खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक उछल कर 24,295.25 अंक तक आ गया। इसके बाद बिकवाली का दबाव बन गया, जिससे निफ्टी लगातार गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण पहले 20 मिनट के कारोबार के बाद ही यह सूचकांक गिर कर 24,207.20 तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 150.90 अंक की कमजोरी के साथ 24,247.80 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को सेंसेक्स 104.35 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78,180.72 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 31.65 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,398.70 अंक के स्तर पर मंगलवार के कारोबार का अंत किया था।