Posted on:
काराकास, 04 जुलाई । वेनेज़ुएला में पिछले महीने आए दाे भीषण भूकंपों के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,645 हो गई है, जबकि 12,666 लोग घायल हुए हैं। यह जानकारी देश के संचार एवं सूचना मंत्रालय ने शुक्रवार को दी।
तुर्किए की सरकारी संवाद एजेंसी अनाडाेलू ने मंत्रालय के हवाले से बताया कि, राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 6,462 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है तथा 86,117 प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई गई है। भूकंप से 885 इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, जिनमें से 189 पूरी तरह ढह गईं।
सरकार ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में 3,300 से अधिक अंतरराष्ट्रीय बचावकर्मी तैनात किए गए थे। इसके अलावा राहत और पुनर्वास कार्यों के लिए लगभग 30,000 स्थानीय कर्मियों को भी लगाया गया है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, 24 जून को उत्तरी वेनेज़ुएला में महज 39 सेकंड के अंतराल पर 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। 7.5 तीव्रता का भूकंप याराकुय राज्य के युमारे से लगभग 23 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में, जबकि 7.2 तीव्रता का भूकंप सैन फेलिप से करीब 23.9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में दर्ज किया गया था।
मंत्रालय ने बताया कि मुख्य भूकंपों के बाद अब तक 890 आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद आने वाले झटके) दर्ज किए जा चुके हैं। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित इलाकों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण का कार्य लगातार जारी है।