Posted on:
नई दिल्ली, 30 जून । दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई। इसके अंतर्गत बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) दिल्ली में घर-घर जाकर लोगों को गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं, यह प्रक्रिया 29 जुलाई तक चलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अभियान के अंतर्गत अपना एवं अपने परिवार का गणना प्रपत्र भरकर जमा किया।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट में दिल्ली के सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र को सशक्त बनाने वाले इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता अपना गणना प्रपत्र समय पर भरकर अपने बीएलओ को अवश्य सौंपें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सही और अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की नींव है। अपने मताधिकार के प्रति जागरूक नागरिक का दायित्व निभाएं और लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार से बीएलओ दिल्ली में घर-घर जाकर सभी पात्र मतदाता को गणना प्रपत्र वितरित करने की प्रकिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया 29 जुलाई तक चलेगी। उसके बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक सूची को लेकर दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय मतदाताओं को दिया जाएगा। पांच अगस्त से 3 अक्टूबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।