Posted on:
बीजापुर , 08 जून । जिला मुख्यालय बीजापुर में संचालित पेट्रोल पंपों में से चार पेट्रोल पंपों पर रविवार काे ईंधन (पेट्रोल/डीजल) का स्टॉक अस्थायी रूप से समाप्त होने के कारण आज साेमवार काे उनके संचालन में बाधा उत्पन्न हुई। इस संबंध में जानकारी प्राप्त होते ही जिला प्रशासन ने संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों से संपर्क कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला मुख्यालय में साप्ताहिक बाजार के दिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आम नागरिक विभिन्न कार्यों से आते हैं, जिससे ईंधन की मांग में वृद्धि होती है। ऐसी स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए सभी पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा समय पर ईंधन की आपूर्ति बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में किसी भी पेट्रोल पंप पर ईंधन की कमी की स्थिति उत्पन्न न हो तथा उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिन पेट्रोल पंपों पर ईंधन का स्टॉक समाप्त हुआ, उनमें पामभोई ऑटोमोबाइल्स बीजापुर, लुंकड़ फ्यूल्स बीजापुर, जीवीआर कोटपाल और जेएमवी फ्यूल्स नैमेड शामिल हैं।
जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है एवं आवश्यकतानुसार समन्वय स्थापित कर ईंधन आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।