उज्जैन बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर, जय भानुशाली और आरती सिंह, भस्म आरती में हुए शामिल

Posted on: 2026-06-01


उज्जैन, 01 जून । मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में सोमवार तड़के फिल्म और टेलीविजन जगत की चर्चित हस्तियां बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचीं। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म निर्माता एवं निर्देशक मधुर भंडारकर, अभिनेता जय भानुशाली और अभिनेत्री आरती सिंह ने प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। तीनों कलाकारों ने नंदी हॉल से भस्म आरती के दिव्य दर्शन किए और महाकाल भक्ति में पूरी तरह लीन दिखाई दिए।

साेमवार तड़के करीब 3 बजे मंदिर पहुंची इन हस्तियाें ने निर्धारित परंपरा के अनुसार विश्व प्रसिद्ध भस्म आरती में सहभागिता की। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और "हर-हर महादेव" के जयघोष के बीच संपन्न हुई आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। करीब दो घंटे तक आरती में शामिल रहने के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को पुजारी के माध्यम से जल अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी अतिथियों का पारंपरिक सम्मान किया गया।

20 वर्षों से महाकाल दर्शन के लिए आ रहे हैं मधुर भंडारकर

दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने कहा कि वे पिछले दो दशकों से नियमित रूप से बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि "मैं पिछले 20 वर्षों से महाकाल मंदिर आ रहा हूं। हर बार यहां आकर एक अलग ही शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है। इस बार लंबे समय बाद भस्म आरती में शामिल होने का अवसर मिला, जिससे अत्यंत संतुष्टि और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त हुआ।" उन्होंने महाकाल लोक और मंदिर परिसर में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कॉरिडोर बनने के बाद यहां व्यापक परिवर्तन दिखाई देता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्थाएं पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक हुई हैं।

आरती सिंह के आग्रह पर पहुंचे जय भानुशाली

अभिनेता जय भानुशाली ने बताया कि वे अभिनेत्री आरती सिंह के आग्रह पर पहली बार बाबा महाकाल की भस्म आरती में शामिल होने आए हैं। उन्होंने कहा, "आरती मेरी बहुत अच्छी मित्र हैं। उन्होंने कहा था कि जो व्यक्ति महाकाल की भस्म आरती के दर्शन करता है, उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव आते हैं। इसी विश्वास और श्रद्धा के साथ मैं यहां आया हूं। यह अनुभव वास्तव में अद्भुत और अविस्मरणीय है।" वहीं अभिनेत्री आरती सिंह ने भी बाबा महाकाल के दर्शन को अपने जीवन का सौभाग्य बताते हुए कहा कि भस्म आरती में शामिल होना किसी आध्यात्मिक उत्सव से कम नहीं है।

दिव्य श्रृंगार के साथ संपन्न हुई भस्म आरती

सोमवार तड़के मंदिर के कपाट खुलने के बाद विधि-विधान से भगवान महाकाल का पूजन-अभिषेक किया गया। सबसे पहले गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन कर भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से निर्मित पंचामृत से अभिषेक किया गया। भांग, चंदन, सिंदूर और रत्नजड़ित आभूषणों से भगवान का राजा स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाला, रुद्राक्ष की मालाएं और सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित किया गया। कपूर आरती के पश्चात महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से पवित्र भस्म अर्पित की गई।

मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। इस दिव्य अवसर पर देशभर से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आस्था का प्रमुख केंद्र बना महाकालेश्वर मंदिर

उल्लेखनीय है कि उज्जैन का श्री महाकालेश्वर मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में प्रमुख स्थान रखता है। महाकाल लोक के निर्माण और विस्तारीकरण के बाद यहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राजनीतिक, सामाजिक, खेल, फिल्म और उद्योग जगत की कई नामचीन हस्तियां समय-समय पर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचती रहती हैं, जो इस तीर्थ की बढ़ती प्रतिष्ठा और अटूट आस्था का प्रमाण है।