केंद्रीय गृहमंत्री छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे, बलिदानी जवानों को देंगे श्रद्धांजलि

Posted on: 2026-05-18


जगदलपुर, 18 मई । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह अपने अपने तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के तहत सोमवार को दूसरे दिन रायपुर से वायुसेना के विशेष विमान द्वारा जगदलपुर स्थित दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचे। उनका आगमन लगभग 12:30 बजे हुआ।

एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, बस्तर सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, बस्तर आईजी सुंदरराज पी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय गृह मंत्री का आत्मीय स्वागत किया।

औपचारिक स्वागत के तुरंत बाद केंद्रीय गृहमंत्री बिना रुके वायुसेना के हेलीकॉप्टर से बस्तर जिले के नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप के लिए रवाना हो गए। वहां वे नक्सल विरोधी अभियानों में बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह दौरा बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति और नक्सल विरोधी अभियानों की समीक्षा के साथ-साथ शहीद जवानों के सम्मान एवं सुरक्षा बलों के मनोबल को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।