Posted on:
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'किंग' को लेकर लगातार चर्चा में हैं। फिल्म में अभिषेक बच्चन भी अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। इस बीच फिल्म के सेट से अभिषेक की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर लीक हो गई हैं, जिन्होंने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। वायरल तस्वीरों में उनका आक्रामक और एक्शन से भरपूर अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसे देखकर लोग उन्हें फिल्म का खतरनाक विलेन मान रहे हैं।
सामने आई तस्वीरों में अभिषेक बच्चन किसी पहाड़ी इलाके में एक वाहन के ऊपर खड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ब्लैक आउटफिट के साथ लंबा ग्रे ओवरकोट पहन रखा है और हाथ में हथियार जैसी चीज नजर आ रही है। एक अन्य तस्वीर में कार दुर्घटना से जुड़ा हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें वायरल होते ही फैंस लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता बनी हुई है। कुछ दिनों पहले दीपिका पादुकोण और शाहरुख खान की तस्वीरें भी सेट से वायरल हुई थीं, जिनमें दोनों दक्षिण अफ्रीका में गाने की शूटिंग करते नजर आए थे। फिल्म में सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अनिल कपूर और जाकी श्रॉफ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।