देश के अगले सीडीएस होंगे लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि, केंद्र की मंजूरी

Posted on: 2026-05-09


नई दिल्ली, 09 मई । केंद्र सरकार ने सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को देश का अगला रक्षा प्रमुख नियुक्त किया है। मौजूदा चीफ डिफेंस आफ स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई को समाप्त हो रहा है। वे 30 मई को जनरल अनिल चौहान की जगह लेंगे और रक्षा मंत्रालय में सैन्य मामलों के विभाग के सचिव के रूप में भी काम करेंगे।

लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि 1 सितंबर, 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार हैं। इससे पहले वे 1 जुलाई, 2024 से 31 जुलाई, 2025 तक सेना के उप प्रमुख और मार्च, 2023 से जून 2024 तक केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ थे। उन्होंने 39 वर्षों की विशिष्ट सेवा के बाद 31 जुलाई, 2025 को सेना से सेवानिवृत्ति ली थी। उन्होंने सेंट्रल कमांड के जीओसी के रूप में भी कार्य किया है। लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस. राजा सुब्रमणि अपनी लंबी सैन्य सेवा और प्रमुख पदों पर रहने के लिए जाने जाते हैं।

केंद्र सरकार ने 1 जनवरी, 2020 को तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने के लिए चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीडीएस) का पद सृजित किया था। इसके बाद जनरल बिपिन रावत भारत के पहले सीडीएस बने थे। उनका कार्यकाल 1 जनवरी, 2020 से 8 दिसंबर, 2021 तक रहा था। केरल के कुन्नूर में 8 दिसंबर को एक दुर्भाग्यपूर्ण विमान हादसे में जनरल बिपिन रावत का निधन हो गया था। इसके बाद 9 दिसंबर, 2021 से 29 सितंबर 2022 तक यह पद रिक्त रहा।

जनरल अनिल चौहान (सेवानिवृत्त) को दूसरे सीडीएस के रूप में 30 सितंबर, 2022 को नियुक्त किया गया। उनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद अब तीसरे सीडीएस के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को यह अहम जिम्मेवारी दी गई है।