Posted on:
धमतरी, 02 मई । पर्यटन सीजन की आहट के साथ गंगरेल जलाशय में सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार शाम गंगरेल के दोनों प्रमुख बोटिंग प्वाइंट्स पर व्यापक निरीक्षण किया गया, जिसमें सुरक्षा के हर पहलू को बारीकी से परखा गया।
निरीक्षण के दौरान बोटिंग संचालन में उपयोग होने वाले लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वाय, आपातकालीन किट सहित सभी जीवन रक्षक उपकरणों की स्थिति की जांच की गई। साथ ही बोटों की तकनीकी मजबूती और संचालन मानकों का भी परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने बोट संचालकों को सख्त हिदायत दी कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकाल का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।
हाल ही में मध्यप्रदेश के जबलपुर के बरगी डैम में हुए क्रूज़ हादसे को देखते हुए प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। इसी के मद्देनज़र जिले के अन्य जल पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा मानकों की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना लाइफ जैकेट किसी भी पर्यटक को बोटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही बोट की तय क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर सख्त कार्रवाई होगी। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही बोटिंग संचालन करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अमले के साथ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद रही। टीम ने मौके पर मॉक ड्रिल कर आपदा की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया, जिससे आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन किया जा सके।जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आगामी पर्यटन सीजन में सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण और सख्त निगरानी के जरिए गंगरेल जलाशय समेत जिले के सभी जल पर्यटन स्थलों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।