Posted on:
जम्मू, 02 मई । शनिवार को जम्मू के बाहरी इलाके में आंशिक रूप से ढह चुके एक पुराने पुल के मलबे से बचाव कर्मियों ने 12 घंटे चले तलाशी अभियान के दौरान तीन शव और एक घायल व्यक्ति को निकाला।
बंतलाब के ठठर इलाके में पुल का एक हिस्सा गिरने के तुरंत बाद शुक्रवार को एक घायल मजदूर को बचाया गया। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी आधी रात को घटनास्थल पर पहुंचे और दो इंजीनियरों को निलंबित करने का आदेश दिया। सरकार ने घटना की जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया है। अधिकारियों के अनुसार मजदूर पुल पर रिटेनिंग वॉल और नींव रखने का काम कर रहे थे जो पिछले साल अचानक आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गया था तभी पुल का एक हिस्सा गिर गया जिसमे मजदूर फंस गए। पुलिस, सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल और अग्निशमन एवं आपातकालीन विभाग ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल ने सबसे पहले एक मजदूर को बाहर निकाला जिसकी पहचान तरसेम लाल के रूप में हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि तलाशी एवं बचाव अभियान आज सुबह समाप्त हो गया। घटनास्थल से तीन शव बरामद किए गए हैं। दो अन्य घायल लोगों को बचाया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शव 12 घंटे के तलाशी अभियान के दौरान बरामद किए गए जो रात भर फ्लडलाइट की रोशनी में चला। दो घायलों में संभागीय अग्निशमन अधिकारी, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग के मोहम्मद जाफर भी शामिल हैं जो बचाव अभियान के दौरान एक चट्टान की चपेट में आ गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया कि सहायक कार्यकारी अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को निलंबित करने का आदेश दिया है।