स्वाति मालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पंजाब विधानसभा में शराब पीकर आने का लगाया आरोप

Posted on: 2026-05-01


नई दिल्ली, 01 मई । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता और राज्यसभा सांसद स्वाती मालीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर पंजाब विधानसभा में शराब पीकर आने का आरोप लगाया है।

राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि आज फिर से पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान लोकतंत्र के मंदिर पंजाब विधानसभा में शराब के नशे में चूर होकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि भगवंत मान गुरुद्वारा साहिब शराब, मंदिर, लोकसभा, सरकार की मीटिंग में शराब पीकर जाते है, विदेश में इतनी शराब पीली की प्लेन से उतार दिया गया।

मालीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि चुनाव से पहले भगवंत मान ने अपनी मां के सर पर हाथ रखकर बोला था कि अब कभी शराब नहीं पियूंगा। उन्होंने कहा कि पंजाब जैसे सेंसिटिव बॉर्डर स्टेट के मुख्यमंत्री हर वक़्त नशे में रहते है, नशे में फाइल साइन करते है। जनता के साथ ऐसा कैसे कोई कर सकता है।

स्वाति मालीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जो आदमी शराब से सिर्फ नींद के वक्त दूर होता हो वो कैसे पंजाब चला सकता है?

स्वाति ने भगवंत मान की आलोचना करते हुए सरकार से मुख्यमंत्री का अल्कोहल टेस्टर करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दोषी पाए जाने पर उनको पद से बर्खास्त करना चाहिए।