गुजरात में विस्फोट के मामले को लेकर मुख्य सचिव, एसपी को मानवाधिकार आयोग का नोटिस

Posted on: 2026-04-28


नई दिल्ली, 28 अप्रैल । राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गुजरात के भरूच जिले में एक रासायनिक कारखाने में हुए कथित विस्फोट का स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें 16 श्रमिक घायल हो गए थे।

आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव और भरूच के पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

आयोग के मुताबिक प्रकाशित मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह घटना 23 अप्रैल को भरूच जिले के झागड़िया जीआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक रासायनिक कारखाने में हुई थी। इसमें घायल श्रमिकों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे तकनीकी या रासायनिक कारण होने की आशंका जताई गई।

आयोग ने रिपोर्ट में घायल श्रमिकों के स्वास्थ्य की स्थिति, मामले की जांच और उन्हें दिए गए मुआवजे (यदि कोई हो) का विवरण शामिल करने का भी आग्रह किया।