Posted on:
नई दिल्ली, 23 अप्रैल । दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने गुरुवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) के 100वें वार्षिक दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के संकाय, छात्रों और पूर्व छात्रों को बधाई देते हुए शताब्दी वर्ष को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि यह मील का पत्थर संस्थान की निरंतरता, लचीलापन और अकादमिक उत्कृष्टता के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि 1926 में स्थापित यह प्रतिष्ठित संस्थान वर्षों से देश को उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करता रहा है।
उन्होंने कहा कि एसआरसीसी ने नेताओं, नीति निर्माताओं, उद्यमियों और पेशेवरों की कई पीढ़ियों को तैयार किया है, जिन्होंने देश और दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। संधू ने परिसर से अपने पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा कि यहां लौटना उनके लिए विशेष रूप से भावनात्मक और प्रेरणादायक रहा।
उन्होंने कहा कि एसआरसीसी जैसे संस्थान भविष्य के लिए तैयार युवाओं को गढ़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विचार का भी उल्लेख किया जिसमें शिक्षा को केवल अकादमिक दायरे तक सीमित न रखते हुए चरित्र निर्माण, रचनात्मकता और आलोचनात्मक सोच को बढ़ावा देने की बात कही गई है।
उपराज्यपाल ने विश्वास जताया कि अपनी दूसरी शताब्दी में प्रवेश कर रहा एसआरसीसी नवाचार और जिम्मेदारी के बीच सेतु का कार्य करता रहेगा और विकसित भारत एवं विकसित दिल्ली के विजन में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
एसआरसीसी के 100वें वार्षिक समारोह में वरिष्ठ टीवी पत्रकार रजत शर्मा भी उपस्थित रहे।