Posted on:
कांकेर, 9 जून । जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र अंर्तगत ग्राम ईरागांव में धर्मांतरण गतिविधियों को लेकर आज मंगलवार काे एक सूचना बोर्ड लगाया गया है। इसमें ईसाई धर्म प्रचारक पादरी एवं पास्टरों के गांव में प्रवेश पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह निर्णय ग्रामसभा में चर्चा के बाद लिया गया। कुछ दिन पहले एक महिला की मौत के बाद शव दफनाने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद यह निर्णय सामने आया। ग्रामीणों का कहना है कि, धर्म परिवर्तन के बाद कुछ लोग गांव की परंपराओं, पूजा-पद्धति, देवी-देवताओं एवं सामाजिक व्यवस्थाओं से दूरी बना लेते हैं। इससे विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है। इसी को देखते हुए ग्रामसभा में प्रस्ताव पारित किया गया। धर्मांतरण गतिविधियों के उद्देश्य से आने वाले पादरी-पास्टरों के गांव में प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया गया। इस संबंध में गांव में सूचना बोर्ड भी स्थापित किया गया है। इस दाैरान ग्राम पटेल प्रयाग सिंह कोरेटी, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र टेकाम, भागवत कोरेटी, मयाराम आंचला, पुखराज आंचला, गैंद सिंह हिडको, ज्वाला प्रसाद जैन, चैतू आंचला, बालसिंह कोरेटी, गौतम उसेण्डी व अन्य ग्रामीण माैजूद रहे।