प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रियाई चांसलर कार्ल नेहमर के साथ वियना में वार्ता करेंगे

Posted on: 2024-07-10


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में कल ऑस्ट्रिया की दो दिवसीय यात्रा पर वियना पहुंचे। उनके आगमन पर भारतीय समुदाय के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी रूस की दो दिवसीय यात्रा के बाद मास्को से ऑस्ट्रिया पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वीं भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक की। यह 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा है।

 

श्री मोदी आज ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रियाई चांसलर भारत और ऑस्ट्रिया के व्यापारिक नेताओं को भी संबोधित करेंगे। श्री मोदी वियना में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे।

 

कल रात श्री मोदी ऑस्ट्रियाई चांसलर द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने चांसलर नेहमर को गर्मजोशी से स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। श्री मोदी ने कहा कि वह आज उनकी चर्चाओं का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देश वैश्विक भलाई को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे। ऑस्ट्रिया की अपनी यात्रा से पहले श्री मोदी ने रविवार को कहा कि लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के साझा मूल्य वह आधार हैं जिस पर दोनों देश एक और करीबी साझेदारी का निर्माण करेंगे।